धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में भारत के G-20 अध्यक्षता के तहत 'ईको-इनोवेशन फॉर एनर्जी ट्रांजिशन' पर रिसर्च एंड इनोवेशन इनिशिएटिव गैदरिंग (RIIG) यानी अनुसंधान और नवाचार पहल सम्मेलन का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा संरक्षण प्रणाली विकसित करने पर विचार-विमर्श किया गया। दो दिन के इस सम्मेलन में G-20 के सदस्य देशों के प्रतिनिधि, अंतरराष्ट्रीय संगठन और वैज्ञानिक समुदाय के आमंत्रित विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। पहले दिन कुल चार सत्र आयोजित किए गए। यह सम्मेलन होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता केंद्र के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव श्रीवारी चंद्रशेखर ने किया। इस मौके पर विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय फाउंडेशन के प्रतिनिधि डीपी श्रीवास्तव ने भारत में ऊर्जा संक्रमण पर अपना वक्तव्य रखा। इसके उपरांत इंटरनेशनल रिलेशन आईआईटी मद्रास के डीन प्रोफेसर रघुनाथन रंगास्वामी द्वारा G-20 एजुकेशन वर्किंग ग्रुप पर वक्तव्य प्रस्तुत किया गया। सम्मेलन के दौरान जिन क्षेत्रों पर फोकस किया गया उनमें स्मार्ट ऊर्जा परिवर्तन, भंडारण और प्रबंधन जैसे विषयों पर सदस्य देशों के बीच अनुसंधान और नवाचार सहयोग में चुनौतियों और अवसर शामिल हैं। पहले दिन करीब आठ घंटे तक मंथन किया गया। धर्मशाला में होने जा रही इस बैठक से करीब 60 विदेशी प्रतिनिधियों को हिमाचल प्रदेश की पहचान से जुड़े प्रतीकों के बारे में भी जानने का मौका मिला।
G-20 का अनुसंधान और नवाचार पहल सम्मेलन धर्मशाला में आयोजित, ऊर्जा संरक्षण को लेकर हुआ मंथन
Typography
- Smaller Small Medium Big Bigger
- Default Helvetica Segoe Georgia Times
- Reading Mode
powered by social2s

