पणजी, 19 जुलाई। भारत की जी20 अध्यक्षता के तहत बुधवार को गोवा में ऊर्जा परिवर्तन कार्य समूह (ईटीडब्ल्यूजी) की चौथी बैठक शुरू हुई। इस दौरान एक साइड इवेंट में मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत और भारत के जी20 शेरपा अमिताभ कांत ने प्रतिनिधियों के साथ भारत की ई-मोबिलिटी को तेज करने में नीतिगत समर्थन बढ़ाने के पहलुओं पर चर्चा की। दो दिवसीय बैठक की अध्यक्षता ईटीडब्ल्यूजी के अध्यक्ष और विद्युत मंत्रालय के सचिव पंकज अग्रवाल ने की। मीटिंग में जी20 सदस्यों के अलावा विशेष आमंत्रित देशों और कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों से 100 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान डेलिगेट्स ऊर्जा परिवर्तन (एनर्जी ट्रांजिशन) के एजेंडे पर विचार-विमर्श करने के साथ ही परिणाम दस्तावेज (आउटकम डॉक्यूमेंट) का मसौदा तैयार करने पर फोकस करेंगे। ईटीडब्ल्यूजी बैठक में सदस्य देशों के प्रतिनिधि न्यायसंगत और समावेशी ऊर्जा परिवर्तन का समर्थन करने वाली सर्वोत्तम प्रथाओं, नीतियों और नवीन दृष्टिकोणों की पहचान पर ध्यान केंद्रित करेंगे। चौथी ईटीडब्ल्यूजी बैठक का मुख्य आकर्षण मंत्रिस्तरीय विज्ञप्ति के मसौदे पर विस्तृत चर्चा करना है। भारत की जी20 अध्यक्षता के अंतर्गत छह प्राथमिकता वाले क्षेत्र उल्लिखित हैं। ये प्राथमिकता वाले क्षेत्र ऊर्जा परिवर्तन के विभिन्न पहलुओं और टिकाऊ एवं स्वच्छ ऊर्जा विकास की दिशा में वैश्विक सहयोग के निर्माण पर भारत के फोकस को दर्शाते हैं। इन प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी अंतराल को संबोधित करके ऊर्जा परिवर्तन, ऊर्जा परिवर्तन के लिए कम लागत वाला वित्तपोषण, ऊर्जा सुरक्षा और विविध आपूर्ति श्रृंखलाएं, ऊर्जा दक्षता, भविष्य के लिए ईंधन और स्वच्छ ऊर्जा तक सार्वभौमिक पहुंच के साथ ही किफायती और समावेशी एनर्जी ट्रांजिशन का मार्ग शामिल है। भारत की जी20 अध्यक्षता स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन में वैश्विक सहयोग को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके अलावा नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के सचिव भूपिंदर सिंह भल्ला, खान मंत्रालय के सचिव विवेक भारद्वाज और कोयला मंत्रालय के सचिव अमृत लाल मीना भी बैठक में हिस्सा लेंगे। ईटीडब्ल्यूजी बैठक के दौरान विभिन्न साइड इवेंट्स होंगे, जिनमें 'सार्वभौमिक ऊर्जा पहुंच के लिए सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना' और 'एसडीजी 7 लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए डीआरई अनुप्रयोग' शामिल हैं। ईटीडब्ल्यूजी बैठक 20 जुलाई को समाप्त होगी और एक दिन के अंतरात के बाद 22 जुलाई को इस वर्किंग ग्रुप की मंत्रिस्तरीय बैठक आयोजित होगी। मंत्रिस्तरीय बैठक में जी20 और अन्य आमंत्रित देशों के सम्मानित मंत्रियों और प्रतिनिधियों की भागीदारी होगी। केंद्रीय ऊर्जा और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आर. के. सिंह जी20 ऊर्जा मंत्रिस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
गोवा में जी20 ऊर्जा परिवर्तन कार्य समूह की चौथी बैठक शुरू
Typography
- Smaller Small Medium Big Bigger
- Default Helvetica Segoe Georgia Times
- Reading Mode
powered by social2s

