गोवा में हुई तीसरी G-20 विकास कार्य समूह की बैठक, भारतीय महिलाओं के योगदान से रू-ब-रू हुए विदेशी प्रतिनिधि

ଦେଶ / ବିଦେଶ
Typography
  • Smaller Small Medium Big Bigger
  • Default Helvetica Segoe Georgia Times

 

 

पणजी: G-20 डेवलपमेंट वर्किंग ग्रुप (DWG) की तीसरी बैठक गोवा में आयोजित की गई। 8 से 11 मई तक आयोजित इस बैठक के दौरान G20 के सदस्यों, 9 आमंत्रित देशों और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय संगठनों के 80 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। DWG बैठक के दूसरे दिन की शुरुआत 'ECHO' के उद्घाटन के साथ हुई। इस मौके पर महिलाओं के नेतृत्व में विकास पर आधारित एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया जहां सतत विकास सुनिश्चित करने में महिलाओं की भूमिका को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास में भारत की ताकत, पोषण, जलवायु परिवर्तन के मुद्दों और आर्थिक सशक्तिकरण में उनके योगदान को प्रदर्शित किया गया।

बैठक की अध्यक्षता भारत के DWG सह-अध्यक्ष-विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री के. नागराज नायडू और ईनम गंभीर ने की। DWG बैठक का औपचारिक उद्घाटन विदेश मंत्रालय के सचिव (आर्थिक संबंध), श्री दम्मू रवि ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से किया।

बैठक के दूसरे दिन कुल तीन सत्रों का आयोजन किया गया। इस मौके पर केंद्रीय विदेश मंत्रालय की संयुक्त सचिव (G-20) ईनम गंभीर ने कहा, प्रदर्शनी में जमीनी कारोबार, महिला उद्यमियों, पर्यावरण से जुड़े लोगों और महिला समूहों के साथ काम करने वाले लोगों को प्रदर्शित किया गया। गंभीर ने कहा कि प्रतिनिधियों के लिए प्रदर्शनी लगाई गई है क्योंकि महिलाओं के नेतृत्व में विकास विकास कार्य समूह के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण प्राथमिकता है जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास, पोषण, जलवायु के मुद्दों और आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर है। उन्होंने कहा, "प्रतिनिधियों के लिए इसे प्रदर्शित करने का हमारा प्रयास है कि कैसे भारत की जमीनी स्तर की महिलाएं इन पहलों का नेतृत्व कर रही हैं।"

सत्रों के बीच के ब्रेक के दौरान महिला-नेतृत्व विकास की थीम पर एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सहयोग से किया गया। इस दौरान गोवा सरकार के सहयोग से G20 के प्रतिनिधि सांस्कृतिक समृद्धि व विविधता और अद्वितीय भारतीय पाक अनुभव का भी गवाह बने, जहां उन्हें गोवा की समृद्ध विरासत की एक झलक देखने को मिला। इस मौके पर गोवा सरकार के कई वरिष्ठ गणमान्य व्यक्ति भी सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल हुए।

DWG बैठक से पहले 8 मई को महिला नेतृत्व विकास पर एक साइड इवेंट का आयोजन किया गया। इस आयोजन के दौरान लैं‍गिक समानता और महिलाओं के नेतृत्‍व में विकास का लक्ष्‍य प्राप्‍त करने के लिए आर्थिक, सामाजिक, सांस्‍कृतिक और राजनीतिक निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की पूरी भागीदारी होने को लेकर चर्चा की गई। इससे पहले G-20 डेवलपमेंट वर्किंग ग्रुप (DWG) की बैठक पिछले साल 13 से 16 दिसंबर तक मुंबई में हुई थी जबकि इस साल अप्रैल महीने में DWG की दूसरी बैठक केरल के कुमारकोम में संपन्न हुई थी।

 

 

 

powered by social2s