इंदौर: भारत की अध्यक्षता में G20 के तहत कृषि कार्यकारी समूह की पहली बैठक 13 फरवरी से शुरू हुई। बैठक के पहले दिन प्रतिनिधियों के लिए इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा पैलेस में एक हैरीटेज वॉक का आयोजन किया गया। इस मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मोटे अनाज पर एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शन के दौरान बाजरा और इसके मूल्य वर्धित खाद्य उत्पादों के साथ-साथ पशुपालन और मत्स्य पालन से संबंधित स्टॉल प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहा। इस बैठक में G20 के 19 सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के अलावा 10 विशेष आमंत्रित देश और 10 अंतरराष्ट्रीय संगठनों के 100 प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। तीन दिनों तक चलने वाली यह समारोह 15 फरवरी तक आयोजित होगी। मुख्यमंत्री ने विदेशी मेहमानों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की परंपरा है अतिथि देवो भव:। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब एक एक हैं। यह सोच वर्षों से भारत की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मप्र में 60 हजार किसान प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री अन्न को धरती से समाप्त नहीं होने दिया जाएगा। इसे लोगों को उपहार में देने की परंपरा शुरू करना है। हमें देश-दुनिया के लिए अन्न की व्यवस्था करना है। इससे पहले हैरीटेज वॉक के दौरान प्रतिनिधियों को इंदौर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी गई। इस वॉक के दौरान भारत की आध्यात्मिकता, इतिहास, वास्तुकला, प्रकृति, कला, खाद्य पदार्थ और यहां के लोगों की झलक भी देखने को मिली। इस हैरीटेज वॉक के दौरान कृष्णापुरा छतरी, गोपाल मंदिर और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुदंर नृत्य तथा शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति ने भी प्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया। हैरीटेज वॉक में शामिल विदेशी मेहमानों ने इंदौरी पोहे और जलेबी का स्वाद भी चखा। 15 फरवरी को समाप्त होने वाले तीन दिवसीय आयोजन के दौरान जलवायु स्मार्ट पहल, छोटे किसानों द्वारा जलवायु स्मार्ट तकनीक को अपनाने के साथ-साथ कृषि बाजार सूचना प्रणाली, गेहूं की पहल, कृषि जोखिम प्रबंधन और खाद्य हानि में कमी जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम के दूसरे दिन केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद रहेंगे। G20 की मेजबानी इंदौर शहर पहली बार कर रहा है। G20 में भारत की अध्यक्षता की थीम “वसुधैव कुटुम्बकम” पर आधारित है।
इंदौर में G20 कृषि समूह की बैठक शुरू, राजवाड़ा पैलेस में हुआ हैरीटेज वॉक का आयोजन
Typography
- Smaller Small Medium Big Bigger
- Default Helvetica Segoe Georgia Times
- Reading Mode
powered by social2s

